Tag: radio

मानस चलन्तिका टीका के मटमैले पर्दे पर दास्तान-ए-वैशाली : संजीव कुमार

अधिकांश लोगों ने बचपन का वह दौर देखा होगा, जब गली-मुहल्‍ले में एक्‍का-दुक्‍का टीवी होती थी और उस पर कार्यक्रम देखने के लिए मन में बेचैनी। मेजबान के यहां भीड़ लग जाती थी। सिनेमा हॉल में फिल्‍म देखना तो उत्‍सव जैसा होता था। टीवी की घर-घर में पहुंच और मनोरंजन के अन्‍य साधनों के विकास ने उस दौर का अंत कर दिया। पटना के सिनेमा हॉल वैशाली के बहाने उस रोमांचकारी दौर और उसके अंत पर युवा कथाकार संजीव कुमार का स्‍मृति लेख-

Memory is the only one of our mental faculties that we accept as working normally when it malfunctions.                                                    -Mary Warnock

कम लोगों को पता होगा कि जिस प्रतिभाबहुल हिन्दी जगत ने एक ओर टेलीविजन के लिए दूरदर्शन, स्वीमिंग पूल के लिए तरण ताल- जैसे शब्द गढ़े और दूसरी ओर इंस्पेक्टर के लिए निसपिटर (नासपिटा के ध्वनिसाम्य पर),  लॉर्ड के लिए लाट,  अल्युमिनियम के लिए ललमुनियाँ इत्यादि का आविष्कार किया,  उसी ने इन दोनों परम्पराओं को मिलाते हुए मूवीज-टॉकीज यानी चलती बोलती तस्वीरों (के प्रदर्शन की जगह) के लिए एक शब्द दिया है- चलन्तिका टीका। बदकिस्मती से यह शब्द खुद अचलन्तिका साबित हुआ,  पर बिहार के बेगूसराय शहर से सम्बन्ध रखने वाले लोग वहां के ऐतिहासिक सिनेमाघर ‘श्री कृष्ण चलन्तिका टीका’  के कारण इससे परिचित हैं,  भले ही वे इसे जातिवाचक संज्ञा न मानते हों। वैसे भी यह मानने से ज्यादा जानने या पहचानने का मामला है और मेरी महीन मेधा का साधुवाद कीजिए,  जिसने पहली ही भिड़न्त में इसकी जातिवाचकता को पहचान लिया। तब से जो भी सिनेमाघर मुझे अपना-सा लगा,  उसे मैंने इस श्रुतिमधुर कुलनाम के साथ ही पुकारा है। यह सब सिर्फ इसलिए बता रहा हूँ,  ताकि आप मानस चलन्तिका टीका को रामचरितमानस का कोई चलताऊ किंवा प्रचलित भाष्य न समझ बैठें। यह तो कोटि-कोटि कविआए हुए जनों द्वारा कोटिशः प्रयुक्त रूपक अलंकार की एक और आजमाइश भर है। मानस चलन्तिका टीका- यानी मनरूपी टॉकीज। …फिलहाल इसके मटमैले पर्दे पर स्मृति के मायावी प्रोजेक्टर से प्रक्षेपित एक और चलन्तिका टीका- वैशाली- की दास्तान देख-सुन रहा हूँ,  जाहिर है,  सुनाने के लोभ से। मूल में यह दास्तान काफी-कुछ धुँधली और सम्बन्ध-व्यवस्था-रहित है और इस लिहाज से शायद वह दास्तान है ही नहीं। दिक्कत ये है कि उस धुन्ध और अव्यवस्था को दूर किये बगैर सुनाने का काम हो नहीं सकता। इसलिए कुछ तो उस मायावी प्रोजेक्टर के चलते जो माध्यम होने के साथ-साथ बहुधा हमारी जरूरत को भाँप कर सम्पादक और सर्जक की भूमिका अख्तियार कर लेता है और कुछ मेरी सचेत कोशिशों के चलते,  अपने शब्दावतार में यह दास्तान काफी हद तक सुसम्बद्ध दिखलाई पड़ेगी।

काश, स्मृति मूलतः इतनी व्यवस्था-प्रिय होती!

अब याद नहीं कि वह खबरनवीस कौन था,  जिसने हमारी सांध्य सभा में यह स्कूप पेश किया कि ‘कौमनिटी सेंटर के पिछुअत्ती ए गो हॉल बनेगा।’  पटना में उन दिनों सिर्फ ‘हॉल’  कहा जाय,  तो मतलब होता था, सिनेमा हॉल। दूसरे स्थानों और कालों में भी यह मतलब होता होगा, पर शायद तभी जब इस शब्द के प्रयोग का सन्दर्भ स्पष्ट हो। मसलन ‘फलाँ फिल्म किस हॉल में चल रही है?’  मैं जिस भाषिक व्यवहार की बात कर रहा हूँ, उसमें बिना किसी स्पष्ट सन्दर्भ के भी ‘हॉल’ का मतलब सिनेमा हॉल ही होता है या कहिए,  होता था। यह शायद उस ठिगने शहर का अपना तरीका था,  सिनेमा घरों की विराटता के प्रति सम्मान व्यक्त करने का। चारमंजिला इमारतें तक उन दिनों मुश्किल से मिलती थीं और हमने सुन रखा था कि बम्बई में पच्चीसवीं मंजिल पर रहने वालों के घरों में ऑक्सीजन का सिलेण्डर,  एहतियातन,  हमेशा मौजूद रहता है। इस सुनावत पर भरोसा न करने की कोई वजह नहीं थी। हम पढ़े-लिखे बालक थे और हमें पता था कि ऊँचाई के साथ-साथ वायुमण्डल विरल होता जाता है।

बहरहाल, ‘हॉल बनेगा’  की खुशी को अभी हम सहेज भी नहीं पाये थे कि खबरनवीस ने एक झटका दिया,  गोया चुम्बन के बाद चाँटा,  बकौल राजा राधिका रमण प्रसाद सिंह। बताया,  ‘बनेगा,  बकी अभी टाइम लगेगा। रिजर्व बैंक वाला लोग केस कर दिया है कि हमारा क्वार्टर के सामने हॉल नहीं बनना चाहिए। फैमिली वाला जगह है ना! हॉल बनने से त लफुआ सब का जुटान होने लगेगा।’ रिजर्व बैंक वालों का इस तरह राजेन्द्र नगर की महान सांस्कृतिक उपलब्धि के आड़े आना हम सभी को बेहद नागवार गुजरा। हमने सर्वसम्मति से इस लोकोक्ति को दुहराया कि ऊपर वाला सब कुछ देखता है;  उसके यहां देर है,  अन्धेर नहीं। दो एक ने तो लगे हाथ कभी उस बैंक में खाता न खुलवाने की कसम खा ली और मेरी पक्की जानकारी है कि वे आज तक इसपर अडिग हैं।

अन्धेर सचमुच नहीं था। रिजर्व बैंक क्वार्टर्स वाले केस हार गये। ऐसा कुछ हकीकत में हुआ था या कि अफसानों और अफवाहों में ही केस लड़ा भी गया और जीता-हारा भी गया,  मैं नहीं जानता। पर यह सच है कि कुछ समय बाद हॉल बनने की शुरुआत हो गई। यह सन् 75-77 की बात रही होगी,  जब सम्पूर्ण क्रान्ति की लहर के साथ शहर के तमाम लफंगों ने अपने को क्रान्तिकारियों में शुमार करा लिया था और प्रतिक्रिया में भद्र समाज का एक बड़ा हिस्सा तमाम क्रान्तिकारियों को लफंगों में शुमार करने लगा था। हॉल बनने की शुरुआत का जब समाचार मिला,  तो हममें से कइयों ने क्रान्तिकारी लफंगों और लफंगे क्रान्तिकारियों के मुँह से सुनी हुई बात ‘जे.पी. जिन्दाबाद’  का उद्घोष किया। उत्साह के भाव को रसदशा तक पहुँचाने का यह माना हुआ तरीका था। एक मित्र ने तो,  जो उम्र में मुझसे तीन-चार साल बड़ा यानी चौदह-पन्द्रह की लपेट में रहा होगा,  उत्साह में कदमकुआँ थाने के गेट पर खड़े बन्दूकधारी सिपाही को मामू कह कर हुलका दिया और फिर यज्जा-वज्जा-शैली में भाग खड़ा हुआ। यह भी इमरजेंसी के दौर में उत्साह व्यक्त करने की एक लोकप्रिय पद्धति थी। इसी में कभी तथाकथित मामू पीछे पड़ जाय,  तो पद्धति जरा महंगी पड़ती थी। उस दिन भी हममें से एक को मुखबिर बना कर मामू ने उत्साही बालक पुन्नू का घर खोज ही लिया। फिर उसे यह समझाने में पुन्नू के घरवालों को खासी मिहनत करनी पड़ी कि लड़का हॉल के साइड यानी साइट पर गया हुआ था और उसका काम चालू देखकर उत्साह में आ गया था। फिर जो हुआ,  वह तो स्वाभाविक ही था। इसमें लड़के का क्या कसूर!

बात वाजिब थी। हमारे इलाके को एक सिनेमा हॉल की जितनी सख्त जरूरत थी और हॉल बनने की उम्मीद जगते ही इस जरूरत को जितनी शिद्दत से महसूस किया जाने लगा था,  उसे देखते हुए पुन्नू का उत्साह और तज्जनित कर्म अनुचित नहीं था। उत्साह के कारणों की चर्चा आगे सविस्तार होगी;  जहाँ तक तज्जनित कर्म का सवाल है,  वह दौरे-जहाँ से मिली हुई एक रस्म की अदायगी भर थी,  कोई मौलिक उद्भावना नहीं। इसके लिए भला एक बालक को कसूरवार कैसे ठहराया जाता! दौरे-जहाँ का करिश्‍मा क्या था,  यह इससे समझिए कि पप्पू के छोटे भाई (प.छो.भा.) ने,  जो उन दिनों बोलना सीख ही रहा था,  राइम-रटन्त की शुरुआत ‘जानी जानी यस पापा’  या ‘मछली जल की रानी है’  की जगह ‘देवकान्त बरुआ,  इन्दू जी के…..(तुक मिलाएँ!)’  से की थी और वह भी बिना किसी के सिखाए। उम्र के थोड़े फर्क के बावजूद हमारी पीढ़ी की हालत कमोबेश प.छो.भा. जैसी ही थी। हमें भी न तो उस उथल-पुथल के टुच्चेपन की समझ थी,  न ही उसके औदात्य की। तभी तो रात के आठ बजे जब हमारी गली से सौ कदम के फासले पर स्थित लोकनायक जयप्रकाश के आवास से थाली और कनस्तर बजने की आवाजें आनी शुरू होतीं और चन्द मिनटों कि भीतर पूरा पटना शहर थालियों और कनस्‍तरों की ढनढनाहट से गूँजने लगता,  तब उसे प्रतिरोध का दिगन्‍तव्यापी नाद मान कर नहीं,  बड़ों के बचपने का इजहार मान कर हमारी खुशी सारे बाँध तोड़ने लगती थी। हम उसमें काफी बढ़-चढ़ कर योगदान करते थे,  जिसे आज आप चाहें तो प्रतिरोध के कोरस में हमारा ऐतिहासिक योगदान कह सकते हैं,  पर जिसके पीछे हमारी प्रेरणा निहायत क्षणवादी होती थी। क्षणों में जीने की यह संकीर्णता एक बार खासी मंहगी पड़ी थी,  जब रसोईघर से थाली-कनस्तर की मांग पर दुत्कारे जाने के बाद हमारे समवयस्क,  तथापि आदरणीय मित्र मनोज जी ने हड़बड़ी में बिजली के खम्भे को लोहे की छड़ से पीटना शुरू किया और ऊपर तारों के जमघट में कुछ ऐसी सम्पूर्ण क्रान्ति मची कि आसपास के तीन-चार घरों में रातभर के लिए बत्ती गुल हो गई।

तो कहना ये है कि हम नादान बालक थे और हमारे प्रतिनिधि पुन्नू की कारस्तानी प.छो.भा. की राइम-रटन्त जितनी ही निष्पाप थी। हमें तो यह पता भी नहीं था कि सिपाही को मामू क्यों कहा जाता है। आज सोचता हूँ,  तो इसका सम्बन्ध उस लोकविश्‍वास के साथ जान पड़ता है, जिसके अनुसार भान्जे को पीटने वाले के हाथ बुढ़ापे में कांपते हैं। उन दिनों पुलिस वालों से आन्दोलनकारियों की मुठभेड़ें अक्सर हुआ करती थीं। ऐसी ही किसी घातक रूप से मजेदार मुठभेड़ में किसी लाठी खाते आन्दोलनकारी ने किसी लाठी भाँजते सिपाही को मामू कह कर उस लोकविश्‍वास का लाभ उठाने की कोशिश की होगी। तभी से यह मजाक चल पड़ा होगा और उत्साह के हर मौके को घातक रूप से मजेदार बनाने के लिए इसका इस्तेमाल होने लगा होगा।

इस विषयान्तर के बाद अब चर्चा उस उत्साह के कारण,  यानी हमारी जरूरतमन्दगी की! उस समय तक पटना शहर के सभी सिनेमाघर गांधी मैदान और रेलवे स्टेशन के आसपास थे। ये जगहें तब की यातायात सुविधाओं को देखते हुए हमारे इलाके से दूर पड़ती थीं। इससे हमें जो घाटे होते थे,  वे इस प्रकार हैं- 1.  अगर अभिभावकों से छुप कर फिल्म देखनी हो,  तो तीन की बजाय साढ़े चार घण्टे घर से गायब रहना पड़ता था,  जिसमे रिस्क ड्योढ़ा था। 2.  अगर अनुमति लेकर फिल्म देखना चाहें,  तो दूरी के नाम पर आवेदन को टाला जाता था। मसलन, ‘अगले महीने चाचा आयेंगे,  तब उनके साथ जाना।’  और 3. सिनेमाघरों के शो-केस में लगे ‘स्टिल्स’ को देखने-जैसे छोटे,  किन्तु अनिवार्य कार्य के लिए इतनी दूरी तय करनी पड़ती थी। ये सभी घाटे उस इलाके में रहने के चलते हमें उठाने पड़ते थे,  जो उस समय से एकाध दशक पहले तक पटना का एक छोर हुआ करता था। राजेन्द्र नगर को छूती हुई रेलवे लाइन गुजरती थी और उसके बाद बाइपास। यही पटना की दक्षिणी सीमा थी,  हमारे होश सम्भालने से पहले तक,  ऐसा हमने सून रखा था। हमारे होशमन्द होते-होते बाइपास के उस पार कंकड़बाग नामक एशिया की सबसे बड़ी कॉलोनी तेजी से बसने लगी थी। कंकड़बाग का अतीत, वर्तमान और भविष्य हमारे इलाके के मध्यवर्गीय घरों में अक्सर चर्चा का विषय हुआ करता था। वहां जमीन ले चुके लोग किराये के मकान में रहने वाले अपने ऐसे परिचितों पर तरस खाते थे,  जो वहां एक कट्ठा जमीन तक नहीं ले सके और वहां जमीन न ले पाने वाले यह कहकर अपनी तकदीर को कोसते थे कि जब हजार रुपये कट्ठा जमीन मिल रही थी, तब यह सोच कर नहीं ली कि कौन जायेगा उस उजाड़ में रहने! ‘मति मारी गयी थी’- ऐसा यथार्थवादियों का निष्कर्ष होता और ‘भगवान को मंजूर नहीं था’- इस पर वे पहुँचते,  जो अपनी मति का सम्मान बचने के लिए यथार्थवाद से दूर हट गये थे। ढेर सारी भविष्यवाणियों के हवाले से तरस खाने और ढेर सारी विगत परिस्थितियों के हवाले से अफसोस करने का यह चलन बड़ों की बैठकों से इतना हावी था कि हमारी किशोर पीढ़ी को जब परिपक्व बातचीत का शौक चर्राता,  तो हम इमरजेंसी की खूबियों-खामियों पर चर्चा करने के साथ-साथ ‘कंकड़बाग में जमीन की खरीद-फरोख्त उर्फ क्या से क्या हो गया’  को भी अपना विषय बनाते थे। वैसे सच पूछा जाय,  तो हम कभी इस बात के कायल नहीं हो पाये कि किसी भले आदमी को कंकड़बाग में जा बसना चाहिए। हमें तब किसी ने यह नहीं बतलाया था कि कंकड़बाग न बस रहा होता, तो हमारे इलाके को सिनेमाघर का उपहार भी नहीं मिलता। उसके बसने के साथ-साथ शहर का केन्द्र हमारी ओर खिसकता आ रहा था और सिनेमाघर की योजना राजेन्द्र नगर के इसी नये स्टेटस का नतीजा थी। अगर बाइपास,  जिसका नाम अब पुराना बाइपास हो चुका है,  के पार खेत ही खेत होते,  तो उससे पचास कदम इधर सिनेमाघर बनाने का ख्याल किसी के दिमाग में भला क्यों आता! इस तरह हमें कंकड़बाग का अहसानमन्द होना चाहिए था,  जो कि अज्ञानवश हम नहीं थे।

चर्चा सिनेमाघर की जरूरत पर चल रही थी। तो उसका ऐसा है कि वह सिर्फ हम किशोरों को ही नहीं,  हमारे माता-पिताओं को भी थी। सिनेमा मनोरंजन का मुख्य,  बल्कि अपने तरह का एकमात्र साधन था और आसपास हॉल न होने की स्थिति में रिक्शा-भाड़ा इत्यादि मिलाकर मामला खासा खर्चीला पड़ जाता था। नौटंकी या फगुआ-चैती- जैसे सामूहिक गान से अपना मनोरंजन करना या किसी की दालान पर घण्टों बैठकी मारना सम्भव नहीं था,  क्योंकि आखिर शहरीपन भी कोई चीज है। यह सही है कि बगल के ही इलाके लोहानीपुर में यह शहरीपन नदारद था,  पर हमारे थ्री स्टार मुहल्ले में इस चीज की खासी पूछ थी। मानसिकता के स्तर पर उसकी पूछ न भी होती,  तो वस्तुगत परिस्थितियों मे वह शहरीपन विद्यमान था। सिन्धियों,  पंजाबियों, मारवाड़ियों और बंगालियों के कई परिवार हमारे मुहल्ले में रहते थे। आज तख्‍़मीना करने बैठता हूँ,  तो थोड़ी हैरत होती है कि यह प्रेम-प्रिपासु उस उम्र में जब-जब दिल के हाथों लाचार हुआ,  उसकी वजह कोई-न-कोई पंजाबन या बंगालन थी। बिहारी परिवारों में भी कोई भोजपुरी भाषी इलाके से आता था,  कोई मिथिलान्‍चल से। इन सब तरह के बाशिन्दों के बीच कोई कौटुम्बिक या पीढ़ीगत रिश्ता हाने का सवाल ही नहीं था। इनके बीच पुश्तों के साझा अनुभव नहीं थे,  एक-जैसा पेशा नहीं था,  एक-जैसी नियति नहीं थी। ऐसे में शहरीपन उनका शौक ही नहीं,  उनकी मजबूरी भी थी और मनबहलाव के गँवई साधन पूरी तरह उनकी पकड़ से छू चुके थे। बस ले-देकर एक सिनेमा का आसरा रह गया था। इसके अलावा रेडियो नाम की भी एक चीज हुआ करती थी, जिसके शॉर्ट वेव पर कोई मनचाहा स्टेशन पकड़वाने में तनी हुई रस्सी पर चलने का-सा अनुभव होता था। इसे सिनेमा के विकल्प की तरह इस्तेमाल करना वैसा ही था,  जैसे विलायती शराब की कमी को देसी ठर्रे की बजाय चाय से पूरा करना। जहाँ तक टी.वी. का सवाल है,  ये उसके तुतलाने के दिन थे। उसका सर्वभक्षी विस्तार अभी बहुत दूर की चीज थी।

सिनेमा हॉल बनने की शुरुआत के आसपास ही टी.वी. का प्रवेश हमारे इलाके में हुआ था। राजेन्द्र नगर रोड नं. 1 और 2 के जो मकान तिनकोनिया पार्क की परिधि में और उसके आसपास थे,  उनमें से दो या तीन में ही टी.वी. सेट हुआ करता था। जिन-जिन घरों में यह बला थी, उनमें रविवार की शाम का तो आलम न पूछिए। बैठक में रखे सोफों-कुर्सियों को दीवार से लगा दिया जाता और बीच की जगह में जाजिम-चादर इत्यादि बिछा कर बीसियों लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाती। अक्सर यह व्यवस्था नाकाफी साबित होती थी। इसलिए पाँच बजे से शुरू होने वाली फिल्म के लिए लोग साढ़े चार बजे से ही जगह लूटने लगते थे। अन्ततः फिल्म शुरू होने के समय तक बैठक में मुख्यधारा के समाज के अलावा एक हाशिए का समाज भी दिखलाई पड़ने लगता था, जिसमें सही समय पर न आने वाले आगन्तुकों के साथ-साथ मेजबान परिवार के सदस्य भी शामिल होते थें। यह हाशिए का समाज खिड़कियों पर चढ़ा,  दीवारें के सहारे खड़ा या दरवाजे की चौखट में अड़ा नजर आता था।

मेजबान परिवार के सदस्यों को हाशिए की जगह मुख्यधारा में बैठ कर फिल्म देखने का मौका तभी मिलता था,  जब कोई कला-फिल्म दिखलाई जा रही हो। पर,  जाहिर है,  इस मौके का भी वे पूरा इस्तेमाल नहीं कर पाते थे। आध-पौन घण्टे में टी.वी. बन्द कर दी जाती और दूरदर्शन वालों केा गरियाने का अध्याय अगले ढाई घण्टे तक जारी रहता। कई बार तो ऐसी फिल्म की घोषणा होते ही लोग रविवार की शाम का कोई और कार्यक्रम तय कर लेते थे। मिसाल के लिए जिस रविवार को मणि कौल की ‘दुविधा’  आने वाली थी,  उस शाम हमारे सभी महत्वपूर्ण ठिकानों पर ताला बन्द पाया गया या फिर यह सूचना मिली कि आज टी.वी. नहीं चलेगा। हार कर कला की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हम बालकों को एक घर की बरसाती में रहने वाले कुँवारे घोष बाबू के यहाँ पहुँचना पड़ा,  जो ‘मिली’  फिल्म के बरसाती-वासी अमिताभ बच्चन की तरह ही पूरी दुनिया से कटे-कटे रहते थे। घोष बाबू ने बिना कोई खुशी या नाराजगी जाहिर किये हम लोगों को बरसाती में बिठाया ओर शुरुआती विज्ञापनों के बीच ही यह समझाया कि ‘फिलिम शमझने वाला है। आप लोक अगर हाल्ला मचाएगा,  तो फिलिम का मैशेज शमझ नहीं पायेगा। इश्‍लिए इदर शान्ति शे…।’  हम लोगों ने यथासम्भव शान्ति से रहने की कोशिश भी की,  लेकिन हम उत्तरोत्तर इस कोशिश में असफल होते गये। अब धुँधली-सी याद है कि पहली बार हम लोगों के मुँह से ‘फिक्क’-सी हँसी तब निकली,  जब बैलों के गले की घण्टियों और पहिए की चर्रक-चूँ के साथ बहुत देर तक चलती रहने वाली बैलगाड़ी एक विशाल पेड़ के नीचे रुकी और नायक ने पर्दा हटाते हुए नायिका से पूछा,  सम्भवतः उस फिल्म का पहला संवाद,  ‘केले खाओगी?’  इस हँसी से आगे बढ़ते-बढ़ते हम इस हद तक गये कि नायक को देवानन्द का नौकर और नायिका को हेमा मालिनी की आया घोषित करते हुए कहकहे लगाने लगे। ठीक इसी समय घोष बाबू ने उठ कर टी.वी. बन्द कर दिया और हम उनके कूचे से बेआबरु होकर निकले। बाहर हम लोगों के बीच यह मुद्दा बहस तलब बना कि घोष बाबू ने ऐसा हमारी हरकतों से ऊब कर किया था या फिल्म से ऊब कर?

उपर्युक्त प्रकरण से यह स्पष्ट है कि रविवार की फिल्म देखने के मामले में हम बालकों और किशोरों का हुजूम रिश्ते की नजदीकी-दूरी या परिचय-अपरिचय की परवाह नहीं करता था। हम अँगुली पकड़ कर पहुंचा पकड़ने वाले लोग थे। जहाँ थोड़ी-सी गुंजाइश दिखी,  हम वहाँ पूरा कब्जा जमा लेते। पर लड़कियों और माता-पिताओं की स्थिति ऐसी नहीं थी। माता-पिता तो हमारी तरह किसी भी घर में घुस जाने का गँवारपन दिखला नहीं सकते थे और जहाँ तक लड़कियों का सवाल था,  उन्हें माता-पिता की निगाहों के सामने ही रहना था,  इसलिए जहाँ वो नहीं,  वहाँ ये नहीं। यों शहरीपन और गँवारपन की समझ हममें भी थी,  लेकिन इस समझ की बिना पर मुफ्त की फिल्म देखने का लोभ संवरण करना हमें ज्यादती लगती थी। इस प्रकार लज्जा और लोभ में से बुजुर्ग लोभ का गला घोंटते थे,  हम लज्जा का। और लड़कियाँ?  मेरा अन्दाजा है कि हर रविवार की शाम उनमें से ज्यादातर खुद अपना गला घोंटने की नाकाम कोशिश करती थीं।

तो ये था वह पूरा सांस्कृति परिदृश्य,  जिसके बीच रख कर आपको वैशाली सिनेमा हॉल के महत्व और उससे जुड़ी हमारी उत्तेजना को समझना होगा। जी हाँ,  यही नाम था उसका,  जो हमने तब जाना,  जब पहली बार उसके प्रस्वावित निर्माण-स्थल पर गये। केस,  हकीकत या अफसाने में, तब चल ही रहा था। इसलिए हॉल बनने की शुरुआत नहीं हुई थी। सिर्फ एक बड़ा-सा बोर्ड लगा था,  जिस पर आर्किटेक्ट की कल्पना तस्वीर मे उतारी गई थी। इस तस्वीर में सब कुछ निहायत भव्य और सुन्दर था,  पर सबसे खूबसूरत थी उस नाम की लिखावट,  जो भवन के दाहिने हिस्से में उसके शिखर पर मुकुट की तरह सजा हुआ था। तस्वीर को देख कर हम सभी गौरवान्वित हुए,  क्योंकि यह वह चीज थी,  जो ठीक हमारे मुहल्ले के मुहाने पर बनने जा रही थी। फिर तो जब-जब हम सामूहिक स्तर पर आत्मगौरव की थोड़ी भी कमी महसूस करते,  उस साइट पर जाकर तस्वीर को देख आते थे। स्टे-आर्डर हटने के बाद जब काम की शुरुआत हो गई,  तब उस धूल-धक्कड़ में भी हमारा जाना-आना लगा रहा। उस प्रकार आप कह सकते हैं कि हमारी अनवरत देख-रेख में वैशाली का निर्माण-कार्य सम्पन्न हुआ।

वैशाली के बनने के साथ-साथ उसके आसपास कई चीजें बन रही थीं। बात ये थी कि रेलवे क्रासिंग की ओर जाती सड़क का वह हिस्सा अब तक थोड़ा वीराना-सा था,  पर हॉल बनने की शुरुआत होते ही दूकानों और ढाबों की तादाद भी बढ़ने लगी। इस तरह काम पूरा होते-होते उस जगह की शक्ल काफी बदल चूकी थी। बाद के दौर में सब्जियों की खरीददारी में बचाये गये पैसे से चाट,  समोसा,  मसाला डोसा इत्यादि खाना होता,  तो हम उत्तर में नाला रोड तक जाने की बजाय दक्षिण में वैशाली तक जाना पसन्‍द करते थे। आखिर नाला रोड हमारे होश सम्भालने के पहले से ही जमा-जमाया बाजार क्षेत्र था,  जबकि वैशाली और उसके आजू-बाजू का पूरा विकास हमारी देख-रेख में हुआ था!

खैर! वैशाली बनकर खड़ी हो गई,  तब उसके मुहूर्त का दिन तय हुआ और हम लोग उत्सुकतापूर्वक इन्तजार करने लगे कि देखें,  कौन-सी फिल्म लगती है! हमारी उत्सुकता की तान निराशा पर टूटी,  जब उसका उद्घाटन महान सामाजिक फिल्म ‘आनन्द आश्रम’ से हुआ। फिर हमारे ही बीच के किसी परिपक्व दिमाग ने सुझाया कि जब शुरू के कुछ दिन वैसे ही हाउसफुल जाने हैं,  तो हॉल-मालिक क्या बेवफूक है, जो ‘आनन्द आश्रम’  की जगह ‘डॉन’  के चक्कर में पड़े। इस सूझ से हमारी निराशा दूर हुई। किन्तु निराशा पर यह विजय बहुत टिकाऊ नहीं थी। हमने पाया कि एक-के-बाद-एक महान सामाजिक या महान फ्लॉप फिल्में हमारी इस महान उपलब्धि पर हावी हैं। भूले-भटके कभी चर्चित फिल्म लग जाती थी। वह भी ज्यादातर गांधी मैदान के पास के किसी हॉल का शुरुआती हंगामा बाँटने के लिए। ऐसी फिल्म आमतौर पर दो हफ्ते के लिए लगाई जाती और हाउसफुल रहते हुए ही उतर भी जाती थीं। बहुत कम हिट फिल्में ऐसी रही होंगी,  जो अकेले वैशाली के हिस्‍से आयी हों। इसमें हमें कोई सन्देह नहीं था कि वैशाली पटना का सबसे उम्दा हॉल है। पहली बार 70 एम.एम. स्क्रीन,  पहली बार स्टीरियो साउण्ड ट्रैक, सबसे बड़ा और खुला हुआ परिसर। ‘एलिफिन्सटन’ की लॉबी में जहाँ ब्लीचिंग पाउडर की गन्ध थी,  वहीं वैशाली की लॉबी में मशीन से भूने जाते पॉपकार्न और बढ़िया इत्र की मिली-जुली खुशबू बसी हुई थी। इन सबके बावजूद ‘जानी दुश्मन’, ‘कुर्बानी’,  ‘हिम्मतवाला’,  ‘मुकद्दर का सिकन्दर’- जैसी फिल्में उसकी किस्मत में कम ही आती थीं और वह भी ज्यादातर एलिफिन्सटन,  वीणा,  अशोक या अप्सरा की थाली से फेंके गये टुकड़े की तरह। वजह शायद ये रही हो कि व्यावसायिक केन्द्रों के आसपास सिनेमाघरों के जो दो गुच्छे थे,  उनसे छिटक कर वह एक रिहायशी इलाके में अलग-थलग पड़ी थी। किसी सुपरहिट फिल्म को अकेले उसके भरोसे छोड़े देने में वितरक पचास बार सोचते होंगे। मैं यह अन्दाजा ही लगा सकता हूँ,  क्योंकि वितरण-व्यवसाय की प्राथमिकताओं और काम के तरीकों के बारे में मुझे कुछ पता नहीं है।

मुझे यह भी पता नहीं कि कब वैशाली की स्तरहीनता को ही नियति मान कर हम आशा-निराशा से ऊपर उठ गये। साल-छः महीने में कोई ‘ए’ ग्रेड फिल्म लग जाती,  तो हम खुश होते थे। नहीं लगने की सूरत में दुखी नहीं होते थे। बाद को जब हमने हाफ टाइम से बिना टिकट फिल्म देखने का सिलसिला शुरू किया,  तब यह बात अच्छी तरह दिमाग में बैठ गयी कि वैशाली जैसी भी है,  हमारे बुरे दिनों की साथी है।

हाफ टाइम से बिना टिकट फिल्म देखने का आइडिया हमारे बीच के ही किसी खुराफाती दिमाग ने निकाला था। आइडिया यों था कि इण्टरवल से ठीक पहले अगर हॉल की चारदीवारी के भीतर चले आओ,  तो इण्टरवल में बाहर आई भीड़ के साथ अन्दर जाकर बैठा जा सकता है और बाद की आधी फिल्म देखी जा सकती है। ‘जानी दुश्मन’ का हाउस फुल दौर बीतने के बाद आइडिया पर अमल किया गया। कामयाबी मिली। उत्साहित हो कर ‘जानी दुश्मन’  के उत्तरार्द्ध को हमने सात-आठ दफा देखा। इसके बाद तो सिलसिला ही चल पड़ा। इस कार्यवाही में सिर्फ दो-तीन चीजों का खयाल रखना पड़ता था। एक तो यह कि मैटिनी शो के दरम्यान चार से सवा चार बजे के बीच हॉल की चारदीवारी के भीतर चले जाएँ,  क्योंकि इण्टरवल से ठीक पहले मेन गेट बन्द कर दिये जाते थे। दूसरा यह कि बालकनी में बैठें, क्‍योंकि उसके वर्गीय आधार के चलते वहां चेकिंग कम होती थी। तीसरे,  एक बार में चार से ज्यादा लोग न जाएँ। ये सावधानियाँ बरतते हुए हम साल भर से ज्यादा समय तक यह सिलसिला चला ले गये। उसके बाद,  जैसा कि एक मूर्धन्य गीतकार कह गये हैं,  छोटी-सी इक भूल ने सारा गुलशन जला दिया। हुआ यों कि एक दिन हम तीन लोग बालकनी के सुख से ऊब कर फर्स्ट क्लास में बैठ गये और वह भी ऐसी कतार में,  जहाँ हमारे अलावा और कोई नहीं था। राजेन्द्र कुमार की कोई फिल्म थी,  जिसका नाम सदमे के कारण भूल गया हूँ। जनाब अभी यात्रा से लौट कर नायिका को तस्वीरों से भरी अलबम दिखला ही रहे थे कि हमारे चेहरों पर टार्च की चुंधियाती रोशनी पड़ी। रोशनी ने टिकट की माँग की और हमने रोशनी से ही मुखातिब होकर कहा कि नहीं है। ‘तीनों को बुक करो।’ रोशनी ने गरज कर कहा। फिर दो लोग हमें अर्द्धचन्द्र होकर बाहर की ओर ले चले। कतारों के बीच धकियाये जाते हुए मैंने विधाता को धन्यवाद दिया, जिसने हॉल के भीतर अन्धेरे का प्रावधान रखा है। साथ ही यह प्रार्थना भी की कि यह जो तकनीकी पदबन्ध है,  बुक करना,  उसका कोई भयावह अर्थ न हो। बाहर आये। पहलवान जी,  अर्थात् मुख्य दरबान के आगे पेशी हुई। पहलवान ने कद-काठी में सबसे बड़ा देखकर मुझी से पूछना शुरू किया।

‘अन्दर कैसे आया?’

‘इण्टरवल में।’

‘कहाँ रहता है?’

‘राजेन्द्र नगर,  1 नम्बर।’

‘कहाँ पढ़ता है?’

‘पाटलिपुत्रा।’

‘किस क्लास में?’

‘नौवाँ नवीन।’

‘सेक्शन?’

‘ए।’

‘रॉल नम्बर?’

‘एक।’

पहवान हैरत से मुझे ऊपर-नीचे देखने लगा। आधे मिनट का विस्मित मौन। फिर पूछा,  थोड़े बदले हुए स्वर में,  ‘पाटलिपुत्रा में फर्स्ट आता है, बोर्ड इम्तहान में मेरिट लिस्ट में रहेगा और ई धन्धा? क्लास-टीचर शमीम साब हैं ना!’

‘जी।’

‘बतला दें उनको?’

‘……’

‘जाओ,  भागो। आगे से आया है त बड़ी मार मारेंगे। बड़ा आदमी बनना है कि हॉल का दरबानी करना है।’

हम बुक न किये जाने का- उसका जो भी मतलब हो- शुक्र मनाते बाहर आये। फिर बेटिकट क्या,  बाटिकट भी हॉल में घुसने का साहस कम-से-कम मुझे अगले एक-डेढ़ साल तक नहीं हुआ।

शायद इसी बीच हमारे बिहार माध्यमिक बोर्ड के इम्तहान भी हुए,  जिसमें सर गणेशदत्त पाटलिपुत्र हाई स्कूल की कक्षा दसवीं नवीन के सेक्शन ‘ए’  का रोल नम्बर 1 मेरिट लिस्ट में अनुपस्थित पाया गया। इतना ही होता, तब भी कोई बात न थी। उसी स्‍कूल के दो ‘लो प्रोफाइल’ विद्यार्थी लिस्ट में मौजूद थे। तेज झटका लगा। नतीजतन मैं साहित्यकार बन बैठा। यह अपने लुप्त आत्मसम्मान को फिर से हासिल करने की बेचैन कोशिश थी। ‘हमन दुनिया से यारी क्या’  वाली मुद्रा के चलते पुराने संगी-साथियों से मेल-जोल कम हुआ। परिचय के नये वृत्त बने। सिनेमाघरों के शो-केस में लगे ‘स्टिल्स’ देखने का शौक छूटा और उसकी जगह राजकमल प्रकाशन और पी.पी.एच. में खड़े होकर किताबें देखने का शौक तारी हुआ। वैशाली पास रह कर भी दूर होती गई। अब उसके पास से गुजरे कभी-कभी महीनों बीत जाते। कुल मिलाकर,  सन् 82 की बोर्ड परीक्षाओं के बाद के इन वर्षों में वह मेरे सरोकार या उत्सुकता की चीज नहीं रह गई थी। ऐसा नहीं कि मैंने उन दिनों फिल्में नहीं देखीं। ‘हिम्मतवाला’  और ‘मुकद्दर का सिकन्दर’  तभी देखी गई थीं। ऐसा नहीं कि मैं कभी यों ही भटकता वैशाली के परिसर में नहीं गया। ‘पुकार’  की होर्डिंग बनाते एक मजदूर की कलाकारी किंवा कलाकार की मजदूरी को नजदीक से तभी देखा था। इन सबके बावजूद उन तीन-चार सालों की मेरी याददाश्त में वैशाली की मौजूदगी बहुत झीनी है।

हो सकता है,  यह समझ बहुत सब्जेक्टिव हो,  पर मुझे बड़ी शिद्दत से महसूस होता है कि इस समय तक आते-आते मेरे लंगोटिया यार और मुहल्ले के लोग भी वैशाली से लगभग वीतराग हो गये थे। उनकी सान्ध्य-सभा में जब कभी मैं शामिल होता,  वह कहीं भी एजेण्डे में न होती। टेलीविजन तिनकोनिया पार्क को घेरने वाले लगभग सभी घेरों में आ चुका था। हिन्दी के बेमिसाल किस्सागो मनोहर श्याम जोशी के गढ़े हुए पात्र इन घरों के सदस्य बन चुके थे। प्रसारण की तकनीकी गुणवत्ता में काफी सुधार हो गया था और अब चलती-बोलती तस्वीरों की रबड़ के टुकड़े की मानिन्द खींच-तान नहीं होती थी। तवे- जैसे रिकार्ड की जगह कैसेट्स और उसमें भी टी सिरीज के आने से मनचाहे गाने जब चाहे सुनने का अधिकार निम्न मध्यवर्गीय जनों को भी मिल गया था। रेडियो सीलोन से सिबाका गीतमाला सुनने के लिए तनी हुई रस्सी पर चलने की अब जरूरत नहीं थी।

इन्हीं वर्षों में वैशाली के ठीक सामने वह फ्लाई ओवर बनाकर तैयार हुआ था,  जो रेलवे क्रासिंग के ऊपर से निकलता हुआ राजेन्द्र नगर और कंकड़बाग को जोड़ता है। इसका निर्माण रुकवाने के लिए हॉल वालों ने काफी कोशिश की,  क्योंकि इससे वैशाली के सामने की जगह तंग हो रही थी और भव्यता आहत। इसका निर्माण रुकवाने के लिए शायद रिजर्व बैंक वालों और आसपास के दूसरे निवासियों ने भी कोशिश की,  क्योंकि फ्लाई ओवर के साथ चोरी-झपटमारी का कोई नजदीकी रक्त-सम्‍बन्‍ध उन्होंने ढूँढ़ निकाला था। पर विरोध के बावजूद जैसे वैशाली का बनाना नहीं रुका था,  वैसे ही फ्लाई ओवर का बनना भी नहीं रुका। ठीक-ठीक किस साल उसका काम पूरा हुआ,  मुझे याद नहीं। पर इतना अवश्य याद है कि काम के दरम्यान वैशाली तक जाने वाले रास्ते की जो टूट-फूट हुई थी,  उसकी लम्बे समय तक कायदे से मरम्मत नहीं हो पायी और न ही मलबे को ठिकाने लगाया गया। वजह शायद ये हो कि मुख्य ट्रैफिक के लिए अब उस रास्ते की दरकार नहीं रह गई थी। कंकड़बाग जाने के लिए इस फ्लाई ओवर से गुजरते हुए मैं वैशाली को ऊपर से देखता,  तो वह उतनी विराट और उत्तुंग नहीं लगती थी।

वह नवें दशक के मध्य से थोड़ा आगे या पीछे का कोई दिन रहा होगा, जब फ्लाई ओवर से गुजरते हुए मैं उसे देख कर ठिठक गया। वहाँ एक अस्वाभाविक वीरानगी थी। पार्किंग में कोई गाड़ी-स्कूटर नहीं,  पीछे साइकिल-स्टैण्ड भी खाली। टिकट काउण्टर के सामने क्यू के लिए लगाये गये लोहे के घेरे सूने पड़े थे। सामने की सीढ़ियों पर इक्का-दुक्का लोग थे,  जिन्हें देख कर लगा नहीं कि फिल्म देखने आये होंगे। सीढ़ियों के ऊपर शीशे के दरवाजे का एक पल्ला खोल कर पहलवान जी ने अपनी कुर्सी लगा रखी थी। दाहिनी ओर चारदीवारी के साथ किसी फिल्म की होर्डिंग लगी थी,  जिसकी फीकी रंगत बता ही थी कि फिल्म की किस्मत-जैसी भी रही हो,  होर्डिंग ने सिल्वर जुबली पूरी कर ली है। मुझे लगा कि हॉल बन्द पड़ा है। लौट कर साथियों से पूछताछ की,  तो पता चला कि उसे बन्द हुए दो महीने बीत चुके हैं। हॉल के चार हिस्सेदार थे, जिनमें कुछ अनबन चल रही थी। इस अनबन के बीच ‘कहानी फूलमती की’ और ‘नारद गाथा’- जैसी फिल्मों के सहारे वैशाली कई महीनों तक घिसटती रही। फिर जब अनबन अदालत तक पहुँच गई,  तब उसे बन्द कर दिया गया।

लगता है कि ‘हमन दुनिया से यारी क्या’  वाले इस स्वयंभू साहित्यकार को ही नहीं,  इसके स्थानीय भाई-बन्दों को भी वैशाली के बन्द होने से कोई फर्क नहीं पड़ा था। पड़ा होता,  तो उसे लेकर चर्चाएँ अवश्य होतीं और मैं दो महीने तक इस घटना से नावाकिफ न रहता।

सन् 89 में मैं दिल्ली आ गया। हर गर्मी और जाड़े की छुट्टियों में पटना जाना होता। पता नहीं क्यों,  अब वैशाली की स्थिति और गति में मेरी दिलचस्पी बढ़ गई थी। यह दिलचस्पी शायद वैसी ही थी, और है, जैसी किशोरावस्था में अपने बचपन की जंग लगी तिपहिया साइकिल और विकलांग गुड्डे-गुड़ियों को लेकर होती है। हर बार मैं यह सुनने के लिए कान खड़े रखता कि वैशाली का क्या मामला चल रहा है। एक बार सुना,  लालू प्रसाद यादव ने उसे खरीद लिया है (क्या इसलिए कि उसके बनने का समाचार सुनते ही हमने जे.पी. जिन्दाबाद का नारा लगाया था!) और वह दुबारा चालू होने वाली है। दूसरी बार सुना कि वह बात अफवाह थी। खरीदा किसी और ने है। चालू होने ही वाली थी कि पी.डब्ल्यू.डी. ने खतरनाक पाया। बिना पर्याप्त मरम्मत के उसे जनता के लिए खोला नहीं जा सकता और हालत ये है कि नये मालिक ने अपनी पाई-पाई उसे खरीदने में ही झोंक दी है,  अब वह मरम्मत नहीं करा सकता। तीसरी बार सुना कि उसे मालगोदाम में तब्दील करने की योजना है। यह मेरी अब तक की आखिरी जानकारी थी। जानकारी मिलते ही याद आया कि गांधी मैदान के सामने का एक सिनेमा हॉल ‘रीजेण्ट’  बहुत पहले कभी मालगोदाम हुआ करता था। इसे क्या कहें नियति का मजाक,  जिसका फलसफा बहुत पहले वैशाली में ही ‘ग्रैण्ड रिवाइवल’  पर देखी गई ‘वक्त’  ने समझाया था।

सन् 95 में अपनी ताजा-ताजा शादी के बाद मैं पटना गया था। पत्नी को लेकर फ्लाई ओवर की तरफ घूमने निकल गया। शाम धुँधलका था,  जब ऊपर चढ़ते हुए उस पर मेरी नजर पड़ी। उसके परिसर में धुँधलका थोड़ा और गहरा था,  क्योंकि अन्दर कहीं बिजली-बत्ती नहीं थी और बाहर की स्ट्रीट-लाइट उतने विशाल परिसर की चारदीवारी से चार-पाँच कदम आगे ही दम तोड़ देती थी। चारदीवारी से लगा हुआ बाहर का हिस्सा भी,  जहाँ कभी ठेलों,  खोमचों,  पान-सिगरेट की दुकानों और ढाबों का ताँता हुआ करता था,  बिल्कुल वीरान था। इस वीरानगी और नीम अन्धेरे में अपने सर पर नाम का मुकुट सजायें वह ऐसी दीख रही थी,  माने दरबार का पूरा तामझाम समेट लिए जाने के बावजूद कोई बादशाह जड़ाऊ हीरों से खाली कर दिये गये अपने तख्त पर बैठा हो। मैंने पत्नी को यह दृश्य दिखलाया। हम दोनों काफी देर तक फ्लाई ओवर की रेलिंग पर टिके उसे देखते रहे और मुझे रेणु के वे पात्र याद आये,  जो गौने के बाद घर आती अपनी पत्नियों को निलहे साहबों की कोठी दिखलाया करते थे।

‘‘जरा यहाँ गाड़ी धीरे-धीरे हाँकना! कनिया साहेब की कोठी देखेंगी। …यही है मकै साहब की कोठी।..वहाँ है नील महने का हौज!

नई दुलहिन ओहर के पर्दे को हटाकर घूँघट को जरा पीछे खिसकाकर झाँकती है- झरबेर घने जंगलों के बीच ईंट-पत्थर का ढेर! कोठी कहाँ है?

दूल्हे का चेहरा गर्व से भर जाता है- अर्थात् हमारे गाँव के पास साहेब की कोठी थी,  यहाँ साहेब-मेम रहते थे।’’    (मैला आँचल)

एफ.एम. प्रसारण बनाम भूमण्डलीकरण का भक्तिगीत : प्रभु जोशी

एफएम रेडियो ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में ज्ञान के प्रचार-प्रसार और जनरुचि को परिष्‍कृत करने का सशक्‍त माध्‍यम बन सकता था, लेकिन आज वहां स्‍तरहीन और फूहड कार्यक्रमों की भरमार है। एमएफ रेडियो के चरित्र का विश्‍लेषण करता चर्चित लेखक और पत्रकार प्रभु जोशी का आलेख-

ये आठवें दशक के पूर्वार्द्ध के आरम्भिक वर्ष थे और श्रीमती इंदिरा गांधी गहरी ‘राजनीति-शिकस्त‘ के बाद अपनी ऐतिहासिक विजय की पताकाए फहराती हुईं, फिर से सत्ता में लौटीं थीं। इस बार वे शहरी मध्यम-वर्ग के ‘धोखादेह‘ चरित्र को पहचान कर, ‘ग्रामीण-भारत’ की तरफ मुंह कर के, अपने ‘राजनीतिक-भविष्य‘ का नया ‘मानचित्र‘ गढ़ना चाह रहीं थीं। इसीलिए वे बार-बार एक जुमला बोल रहीं थीं-‘टेक्नोलॉजी इज़ टु बी ट्रांसफर्ड टू रूरल इण्डिया।’ कदाचित् तब तकनोलॉजी को गाँवों की तरफ पहुँचाने के मंसूबे के साथ ही साथ उन्होंने ‘डिस्ट्रिक्ट ब्रॉडकास्ट‘ की बात भी करना शुरू कर दी थी, जिसका अंतिम अभिप्राय यह था कि ‘ज़िला-प्रसारण‘ की शुरूआत से, ‘ग्रामीण भारत‘ को सूचना-सम्पन्न बनाने की सक्रिय तथा पर्याप्त पहल की जा सकेगी।
कहने की जरूरत नहीं कि तब ‘प्रसारण‘ से जुड़े लोग, इस बात को अच्छी तरह जानते थे कि उनके इस ‘कथन‘ के पीछे भारत में भी एफ.एम. रेडियो के शुरूआत करने की मंशा ही है। चूंकि, तब तक अफ्रीकी महाद्वीप के छोटे-छोटे देशों में, वे आ चुके थे। मुझे याद है, आकाशवाणी की कार्यशालाओं में ‘प्रशासनिक‘ क्षेत्र तथा ‘इंजीनियरिंग‘ के उच्चाधिकारी गाहे-ब-गाहे इस बात पर अफसोस प्रकट किया करते थे, कि ‘देखिए, भला अफ्रीका के नाइजीरिया जैसे तमाम अन्य पिछड़े हुए मुल्कों में एफ.एम. आ चुके हैं और एक हम हैं कि अभी भी उसी पुरानी और ‘लगभग चलन से बाहर हो चुकी‘ तकनोलॉजी से काम चला रहे हैं।’
बहरहाल, पता नहीं तब, ‘सत्ता के गलियारों’ में क्या कुछ घटा और वह योजना फाइलों के अम्बार में अचानक कहीं ‘दन‘ हो गई। निश्‍चय ही इसकी वजह जानने की कोशिश, उस समय की ‘नीतिगत-उलझनों‘ को  रौशनी में ला सकती है। क्योंकि, ‘सूचनास्वयं धीरे-धीरे एक सत्ताबन जाती है – और वह राजनीतिकसत्ताको ही सबसे पहले आघात पहुँचाती है।
दरअस्ल, अफ्रीकी महाद्वीप में ‘सूचना‘ और ‘संचार‘ के क्षेत्र में अपना वर्चस्व बनाने वाले, ‘सूचना-सम्राटों‘ के समक्ष, यह अत्यन्त स्पष्ट था कि वहाँ की भाषाएँ, इतनी विकसित नहीं है कि पहले वहाँ के प्रिण्ट-मीडिया में घुस कर, उन पर अपना आधिपत्य जमाने की कोशिश की जाये। वहाँ ‘प्रिमिटव-कल्चर‘ और ‘सोसायटी‘ के चलते ‘लिखे-छपे’ के बजाय ‘बोले जाने’ वाले माध्यमों के जरिए ही वांछित काम निपटाया जा सकता है, जो ‘नव-औपनिवेशिक‘ एजेण्डे के लिए बहुत जरूरी है। अलबत्ता, उनके लिए, अफ्रीकी महाद्वीप में स्थानीय भाषाओं का ‘कम विकसित‘ होना, सर्वाधिक सहूलियत की बात थी। चूँकि, वह (‘हॉफ लिविंग एण्ड हाफ फॉरगॉटन’) अर्द्ध-जीवित और अर्द्ध-विस्मृत अवस्था में थी। नतीजतन, वे तो कहा ही करते थे, ‘दे आर बार्बेरिअन्स विथ डायलैक्ट, वी आर सिविलाइज्ड विथ लैंग्विज’। वे अपनी ‘भावी-रणनीति‘ के तहत अफ्रीकी जनता को सभ्य बनाने के लिए, उनकी भाषाओं का ‘रि-लिंग्विफिकेशन‘ पहले ही शुरू कर चुके थे। लेकिन, एफ.एम. के आगमन ने, उनके एजेण्डे को तेजी से पूरा करने में, उनके लिए एक अप्रत्याशित सफलता अर्जित कर दी। चूँकि एफ.एम. रेडियो के आते ही उन्होंने फ्रेंच द्वारा अपने प्रचार-प्रसार के लिए अपनाई गई रणनीति के तर्ज पर अघोषित रूप से लगभग ‘लैंग्विज-विलेज‘ अर्थात् ‘भाषा-ग्रामों‘ के निर्माण जैसा काम करना शुरू कर दिया।
इसके अन्तर्गत उन्होंने किया यह कि ‘प्रसारण क्षेत्रमें आने वाली आबादी को, ‘स्थानीय भाषा में अंग्रेजी की शब्दावली के मिश्रण से तैयार एक ऐसे भाषा रूप का दीवाना बनानाकि वह पूरा प्रसारण‘, उस आबादी के लिए एक मेनीपुलेटेड-प्लेजर’ (छलयोजित आनंद) का पर्याय बन जाये। इसके साथ ही उसके अनवरत उपयोग से उस भाषा रूपको यूथ-कल्चरका शक्तिशाली प्रतीक बना दिया जाये। इसे आनन्द के द्वारा दमनकी सैद्धान्तिकी कहा जाता है। वस्तुतः, इसमें लोग, अपने समय और समाजके अन्तर्विरोधों को ठीक से पहचान पाने की शक्ति ही खो देते हैं और तमाम सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक घटनाओं-परिघटनाओंमें आनंद की खोज ही उनका अंतिम अभीष्ट बन जाता है।यूथ-कल्चरसे नाथ देने के कारण यह अविवेकवादसमाज के भीतर, निर्विघ्न रूप से काम करने लगता है। बौद्धिक रूप से विपन्न बना दिये जाने की यह अचूक युक्ति मानी जाती है।
बहरहाल, तब वहाँ बार-बार यह कहा जाने लगा कि सम्पूर्ण अफ्रीकी समाज में अपने ’प्रिमिटव कल्चर’ और उसके ’पिछड़ेपन’ से बाहर आने की एक ’नई-इच्छाशक्ति’ पैदा हो रही है और अपने समाज के विकास के लिए, ’दे आर वॉलेन्टॅरिली गिविंग अप देअर मदरटंग्स’ उनके भीतर लैंग्विज-शिट की स्वेच्छया ‘सामाजिक-आकुलता‘ उठ चुकी है।
बहुत साफ था कि ये औपनिवेशक ताकतों की तमाम ‘धूर्त-व्याख्याएँ‘ थीं, जो उनके भाषागत षड्यंत्र को बहुत कौशल के साथ छुपा ले जाती थीं। इन एफ.एम. के कार्यक्रम संचालकों को कहा जाता था कि इसे भूल जाइये कि ‘जनता माध्यम के साथक्या करती है’, बस यह याद रखिए कि माध्यम के जरिये आप जनता के साथक्या कर सकते हैं।‘ नतीजतन, उन्होंने रेडियो के प्रसारण के जरिए, ‘अर्थवान-प्रसारण’ देने के बजाय ‘अर्थहीन-प्रसन्नता‘ बाँटने का अंधाधुंध काम, बड़े पैमाने पर किया और यह सब उसी समाज के ‘टोटम्स’ का इस्तेमाल करते हुए कुछ ऐसी चतुराई के साथ किया कि एक बार तो उन्हें लगा, उनकी संस्कृति और भाषाओं के आगे अंग्रेज और अंग्रेजी झुक गयी है। उसे उन्होंने अपनी विजय माना।
निश्चय ही इसका अभिप्राय ये कि वे एक विराट ‘भ्रम‘ तैयार करने में सफल हो रहे थे। बाद में प्रसारण से वह ‘भाषा रूप’ जिसे लिंग्विस्टिक-सिन्थेसिस’ के जरिए तैयार किया गया था और उसे ’बोलचाल का नैसर्गिक रूप’ कहा गया था, धीरे-धीरे अंग्रेजी के द्वारा विस्थापित कर दिया गया। इसे बाद में स्वाहिली और जूलू के लेखकों ने ‘मॉस-डिसेप्शन’ कहा। क्योंकि, अब अफ्रीकी महाद्वीप के देशों में, समाज की ‘प्रथम भाषा’ अंग्रेजी ही बना दी गयी। उन्होंने कहा कि ‘अश्‍वतों ने भाषा नहीं, अपना भाग्यलेख बदल लिया है।’
भूमण्डलीकरण के पदार्पण के साथ बर्कली विश्‍व‍विद्यालय की प्रोफेसर गेल ओमवेत जो भारत आती-जाती रहती हैं, और गुरुचरणदास जैसे लोग, यहां भारत के लोगों को इसी तरह अपना ‘भाग्य-लेख‘ बदलने के लिए, भारतीय भाषाएँ छोड़ कर अंग्रेजी को अपनाने की राय बड़े जोर-शोर से दिये चले आ रहे हैं।
बहरहाल, अब अफ्रीका में अफ्रीकी भाषाएं रोज़मर्रा का पारस्परिक कामकाज निबटाने की ऐसी भाषाएँ भर रह गयी हैं, जिनका काम चिंतन के क्षेत्र से हट कर, केवल ‘मनोरंजन‘ और ‘कामकाजी-सम्पर्क‘ भर का है। कहने की जरूरत नहीं कि हमारे यहाँ भी कुकुरमुत्तों की तरह दिन-ब-दिन हर छोटे-बड़े महानगर में, आवारा-पूंजी के सहारे खुलते जा रहे, इन एफ.एम. से एक ऐसी ‘प्रसारण-संस्कृति’ को जन्म दिया जा रहा है, जो ‘यूरो-अमेरिकी एजेण्डों‘ को उसकी पूर्णता तक पहुंचाने के काम को निबटाने में लगी हुई है। इसी के चलते देश का सबसे पहला निजी एफ.एम. प्रसारण मुम्बई में ‘हिग्लिश‘ में शुरू होता है और बाद में जितने भी एफ.एम. आये हैं- यही उनकी भाषा नीति हो गई। वहाँ अच्छी हिन्दी बोलना अयोग्यता की निशानी है।
अब यह बहुत साफ हो चुका है कि इनका श्रीमती गांधी की उस ‘डिस्ट्रिक्ट-ब्रॉडकास्ट’ की अवधारणा से कोई लेना-देना नहीं है, जो मूलतः ‘ग्रामीण-भारत’ के लिए थी और जिसकी प्रतिबद्धता ‘विल्बर श्राम’ के ‘विकासमूलक-प्रसारण‘ की थी। यह सिर्फ ‘महानगरीय सांस्कृतिक अभिजन‘ की ‘जीवन शैली‘, ‘रहन-सहन‘, ‘बोलचाल‘ को ‘समग्र’ समाज के लिए ‘मानकीकरण’ करने का काम कर रहे हैं, जिसने यह स्वीकार लिया है कि जल्दी से जल्दी, बस एक ही पीढ़ी के ‘कालखण्ड‘ में, इस देश से तमाम स्थानीय भाषाओं की विदाई हो। यही वजह है कि ‘अंग्रेजी लाओ देश बचाओ’ का ‘हल्लाबोल‘ इस दोगले मीडिया ने शुरू कर दिया है।
आप हम साफ-साफ देख सुन रहे हैं कि जिस तेजी से ‘आर्थिक‘ क्षेत्र में भूमण्डलीकरण की शुरूआत की गयी, ठीक उतनी ही तेजी से, ‘सामाजिक क्षेत्रों‘ में, ‘स्थानीयता’ और ‘क्षेत्रीयताओं के प्रश्‍न, ‘अस्मिता की रक्षा के प्रश्‍न‘ बना दिये गये। मराठी या कन्नड़ में उठे विवादों को इसी परिप्रेक्ष्य में देखना होगा। वे परस्पर नये वैमनस्य में जुत चुकी है। हिन्दी को एक ‘साम्प्रदायिक‘ भाषा करार दिया जा रहा है। अलबत्ता, उसे नये ढंग से ‘विखण्डित‘ किया जा रहा है। बोलियों को हिन्दी से ‘स्वायत्त‘ करने का अभियान आरंभ है, जिसमें बहुत संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ छुपे हैं। जल्द ही आठ हिन्दीभाषी प्रान्तों में जन्मे लोगों से कहा जायेगा कि वे अपनी मातृभाषा‘, ‘मालवी‘, ‘निमाड़ी‘, ‘छत्तीसगढ़ी‘, ‘हरियाणवी‘, ‘भोजपुरीआदि-आदि लिखवायें। संख्या के आधार पर डराने वाले आंकड़ों वाली हिन्दी, किसी की भी मातृभाषा नहीं रह जायेगी। यह नया और निस्संदेह एक अन्तर्घाती देसीवादहै, जो अंदरूनी स्तर पर अंग्रेजी के लिए एक नितान्त निरापद राजमार्ग बनाने का काम करने वाला है।
इस सारे तह-ओ-बाल के बीच, अंत में देश के महानगरों में उधार की चंचला लक्ष्मीसे खुल रहे, इन तमाम निजी एफ.एमों की प्रसारण-सामग्रीका आकलन किया जाये तो पायेंगे कि ये केवल मनोरंजन के आधार को मजबूत करती हुई, ‘मसखरी के कारोबारमें जुटी टुकड़ियां हैं, जिनका मकसद उस पापुलर-कल्चरके लिए जगह बनाना है, जो पश्‍चिम के सांस्कृतिक-उद्योग के फूहड़ अनुकरण से हमारे यहाँ जन्म ले रहा हैइनका विचारनहीं, ‘वाचालताआधार है। उन्हें बोलनाऔर बिना रूके बोलते रहना‘, बनाम बक-बक चाहिए। इनके लिए विचारएक गरिष्ठ और अपाच्य शब्द है। वहाँ वे फण्डेचाहते हैं। रोट्टी कमाने के। पोट्टी पटाने के। यानी डेटिंग के। बॉस को खुश रखने के। सक्सेस के। जी हाँ, ‘सफलता‘, ‘समाजया समूहकी नहीं, केवल व्यक्तिगत-सफलताको हासिल करने के लिए मेन्युप्लेशन सीखिये। इनके लिए स्थानीय संस्कृति और संस्कार से दूरी पैदा करना इनका नया मूल्य इनका वर्गीय समझ क्या है ? इन्हें कैसी और कौनसी पीढ़ी गढ़ना है? इनकी ‘प्रसारण-संस्कृति‘ क्या है ? इनकी ‘वैचारिकी‘ क्या है ? ये किसके प्रति ‘जवाबदेह‘ हैं ? इन सारे प्रश्नों के उत्तर खोजे जायें तो, ‘ये उसी खतरनाक ‘रेडियो कल्चर’ के भारतीय उदाहरण है‘, जिन्होंने अफ्रीकी महाद्वीप को सामाजिक-सांस्कृतिक रूप से विपन्न बनाने में बहुत कारगर भूमिका निभाई थी। इनकी कारगुजारियों का बहुत वस्तुगत विवेचन ई-काट्ज तथा जी-बेबेल की पुस्तक ‘ब्रॉडकास्टिंग इन थर्डवर्ल्ड में बहुत सूक्ष्मता के साथ मिलता है कि किस तरह से जन-संचार में ‘सूचना-साम्राज्यवादियों‘ ने घुस कर उनकी धूर्त सांस्कृतिक राजनीति की कुटिलता से कैसे तीसरी दुनिया के गरीब मुल्कों की ‘भाषा‘ और ‘संस्कृति‘ को तहस-नहस किया।
इनकी बदअखलाक वर्ग-दृष्टि और भाषाई चतुराई का देश के सामने एक शर्मनाक उदाहरण तब सामने आया, जब एक एफ.एम. रेडियो के प्रतिभाशाली आर.जे. ने ‘इण्डियन आइडियल‘ बने, प्रशान्त तमांग के बारे में टिप्पणी की थी, जिसका कुलजमा अर्थ यह था कि ‘चौकीदारी से गायकी तक गया, गोरखा। यह पूरे गोरखा समाज पर अभद्र टिप्पणी थी। यानी गोरखा जन्म से चौकीदार ‘होने‘ और ‘बने रहने‘ के लिए होते हैं, लेकिन प्रशान्त तमांग संयोग से ऐसा ‘बिन्दास बंदा’ निकला, जिसने ‘गायकी‘ में गुल खिला दिये। यह भाषा की वही भर्त्सना योग्य ‘वर्गीय-दृष्टि‘ है, जो बताती है कि ‘रामू गरीब लेकिन ईमानदार लड़का था।अर्थात्, गरीब मूलतः बेईमान होते हैं, यह रामू संयोग से एक ऐसा निकला जो बावजूद गरीब होने के ईमानदारबन गया। वास्तव में इन्हें कार्यक्रम प्रस्तुतकर्ता नहीं, बस वाचाल कारिन्देचाहिए, जो हर चीज को मस्ती‘, ‘मजा‘, या फनबना दे या फिर उसे कामुकता से जोड़ दे। एक कमजोर बौद्धिक आधार के बावले समाज का, ‘आनन्दवादी हथियारों द्वारा सफल दमनकार्यक्रम चल रहा है। फासीवादी दौर में जर्मन समाज के पतन की पृष्ठभूमि में, तब रेडियो ने यही किया था। जो आज ये कर रहे हैं। अपने प्रसारण से ये एक ऐसा सांस्कृतिक-उत्पादबनाते हैं, जो देशकाल से परे रहता हुआ, केवल उपभोगोन्मुखहो और उसका कोई अन्य मूल्यन हो। ये ‘मुक्त भारत‘ के नये शिल्पियों की दिमागी उपज है। वे ‘भारत की मुक्ति‘ के शिल्पी नहीं। क्योंकि वे तो कब्रों में दन हैं और आकाशवाणियाँ, तीस जनवरी को रूंधे हुए गले से रामधुन गाते हुए, उनकी ‘खामखाह‘ याद दिलाती रहती है। ठीक उस वक्त भी इनके यहाँ कोई धमाकेदार या ‘फोन इन’ प्रोग्राम चलता रहता है।
समाज को सूचना-सम्पन्न बनाते हुए, किसी एफ.एम. का रेडियो जॉकी अपने किसी एक कालर (!) से पूछ रहा होता है: तो बताइये, आप अपने लिए गॉरमेण्ट्स का कौन-सा ब्रॉण्ड चुनती हैं ? (उधर से किसी ब्रॉण्ड का नाम) और हाँ, तो आप अपने अण्डर गॉरमेण्ट्स के लिए कौन-सा ब्रॉण्ड चुनती हैं ? (उधर से संकोच और शर्म को व्यक्त करते कुछ अस्पष्ट शब्द) अरेऽ रेऽऽ रेऽऽ आप तो शर्मा गयीं…. आपका नाम नेहा नहीं, लगता है शर्मिलाहै। ओह! यू आर सो शॉय ? आई थिंक यू आर अ विक्टिम ऑफ एन ओल्ड कल्चरल फोबिया !….. वेल लेट इट बी सो….. कोई बात नहीं… कोई बात नहीं, वह आपका सीक्रेट है, वह शायद आपके फ्रेण्ड को पता होगा…. शॉपिंग उन्हीं के साथ करती हैं- कौन से मॉल में ?‘
प्रसंग दूसरा……. हाय, हैलो…. आपकी आवाज से लग रहा है, यू आर बोल्ड एण्ड ब्यूटीफुल टू…. तो बताइये, आप लड़कों से डरती हैं या सवालों से….?   दोनों से नहीं डरती…….? वेरी गुड…. यू आर ब्यूटिफुल एण्ड नॉट कावर्ड…… नाम बताइये आपके कोई खास क्लासमेट्स का….? ओ.के…… ऐनी सेक्समेट…. नॉट यट…. (उधर से फोन कट) प्रतिभाशाली आर.जे. की बकबक जारी……. चलिए आपने लाइन काट दी….. लेकिन, हम आपको, लाइन मारने वालों की तरफ से एक खास गीत पेश कर रहे हैं…… गीत शुरू…. (नहीं नहीं अभी नहीं, थोड़़ा करो इंतजार………….।)
जी हाँ, ये है इनका ‘पीपुल्स-पार्टिसिपेशन’ (!) है। ये है इनकी ‘सूचना-सम्पन्नता‘ है। रेडियो जॉकी की सबसे बड़ी योग्यता है कि वह हर बात को कितनी लम्पटई के साथ कामुकता‘ (सैक्चुअल्टी) से जोड़ सकने में पारंगत है ? ये नया यूथ-कल्चरगढ़ा जा रहा है ? जिसमें लम्पटई को ग्लैमराइज’ (!) किया जाता है। बाहर की लम्पटई, एफ.एम. प्रसारण में बिन्दास है‘, ‘बैलौंस हैऔर बोल्ड है।
दरअस्ल, देखा जाये तो उसका सब कुछ बोल्डनहीं, ‘सोल्डहै। उसकी जबान‘, उसकी भाषा‘, उसका समय‘, उसकी वफादारी‘, यहाँ तक कि उसकी आत्माभी। वह सामाजिक-सांस्कृतिक ध्वंस लिये वेतननहीं सुपारीलिए हुए है। वह पैकेज पर है।
अंत में कहना यही है कि, जिस तरह ‘उदारवाद’ की अगुवाई के लिए ‘आनन-फानन’ में बगैर कोई आचार-संहिता के निर्धारण किये, निजी एफ.एम. के लिए, जो प्रसारण क्षेत्र में जगह बनाई गई, वह सत्ता की ‘नियमहीनता‘ का लाभ लेकर, एक किस्म की सांस्कृतिक अराजकता के खतरनाक खेल में बदल गयी है- ‘क्योंकि, उसके सामने ‘प्रतिबद्धता’ या ‘जवाबदेही’ का कोई प्रश्न ही नहीं है। ये कोई लोक-प्रसारण नहीं है। ना उसे ‘लोक‘ की चिंता है, ना ‘शास्त्र‘ की। ‘लोक-नियंत्रण‘ के अभाव में, वे उदग्र और उद्दण्ड हो गये हैं। एक निजी मनमानापन ही प्रसारण का विषयवस्तु है। और अब दुर्भाग्यवश इन्हीं का विकृत अनुकरण करने में आकाशवाणी को भी ‘दरिद्र समझ‘ के नौकरशाहों द्वारा, जोत दिया गया है। सारी आचार-संहिता को ताक में रखते हुए, रेवन्यू जेनरेट करने के लिए, वे कुछ भी करने को तैयार है। वहाँ भी तमाम कार्यक्रमों के नाम जो हिन्दी में थे, हटाकर अंग्रेजी के कर दिये गये हैं‘ – वे अब एफ.एम. की होड़ में हैं। ‘बाजार-निर्मित’ फण्डों के घोड़ों पर सवार होकर वे ‘पापुलर कल्चर’ के पीछे बगटुक भाग रहे हैं। जनतांत्रिक राजनीति के कोड़े से पिटा हुआ ‘प्रसारण-बिल‘, वापस किसी ऐसे बिल में घुस गया है, जहाँ, से उसका बाहर निकलना मुमकिन नहीं रह गया है। वक्त के चूहे उसे कुतर-कुतर कर खत्म कर देंगे। क्योंकि, अब प्रसार-माध्यमों को कोई निषेधपसंद नहीं। अब इन्हें हर निषेध‘, ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दमनलगता है। ‘उदारवाद‘ के (जन)तांत्रिकों ने उनके कानों में यह मंत्र फूँक दिया है-कि ‘राष्ट्र‘, कुछ नहीं सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक ‘स्थानीयता‘ की ‘वर्चस्ववादी‘ एवम् ‘दमनकारी‘ व्यवस्था है- नेशन इज एन इमेजिण्ड कम्युनिटी। भारत एक राष्ट्र नहीं, बल्कि सैकड़ों राष्ट्रीयता का समुच्चय है, इसलिए, भारत की नक्शे में फैली भिन्न-भिन्न ‘राष्ट्रीयताएँ‘ जितनी जल्दी मुक्त हों, उतना ही श्रेयस्कर है। राष्ट्र-राष्ट्रं सिर्फ बौड़मों की चीख है। उसकी अनसुनी अनिवार्य है। ये उसके विखण्डन के हवन में अपनी तरफ से आहुति दे रहे हैं। इस हवन में अंतिम पूर्णाहुति के लिए उन्हें सिर्फ अब एफ.एम. को केवल ‘समाचार-प्रसारण’ की अनुमति की जरूरत भर है। फिर देखिए, सैकण्ड-दर-सैकेण्ड कैसे पैसा बरसता है। उनका पल-पल होगा पैसे के पास। नोम चोमस्की ने तो ठीक ही कहा है कि ‘डेमोक्रेसी हेज गान टू द हाईएस्ट बिडर।जो जितनी ऊँची बोली लगायेगा, राजनीतिक सत्ता उसकी ही जेब में होगी।
निश्चय ही बहुराष्ट्रीय निगमों की एक लम्बी कतार भारत में खड़ी हो गयी है और उनकी जेबें लम्बी हैं। उनमें सारे मीडिया की कटी हुई जबानें भरी पड़ी हैं। इसलिए, वे बोल नहीं रहे हैं, बस लगातार गुनगुना रहे हैं- भूमण्डलीकरण भक्तिगीत