नई दिल्ली : प्रगति मैदान में 20वां विश्व पुस्तक मेला शुरू हो गया है। इसका उद्घाटन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने किया। मेला चार मार्च तक चलेगा। भारतीय सिनेमा के सौ वर्ष इस मेले की थीम है। हॉल नंबर सात को थीम पैवेलियन बनाया गया है। जहां भारतीय सिनेमा से जुड़ी तमाम सामग्री व पुस्तकें उपलब्ध होंगी। साहित्य आधारित फिल्में भी दिखाई जाएंगी और कार्यशाला और विचार गोष्ठी का भी आयोजन होगा।
नई दिल्ली के राजधानी बनने के सौ वर्ष पूरे होने पर हॉल नंबर सात में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां दिल्ली के इतिहास की विभिन्न पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी। इसके अलावा टैगोर की 150वीं जयंती के मौके पर हॉल नंबर छह में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। पुस्तक मेले में बच्चों के लिए हॉल नंबर 14 में बाल मंडप बनाया गया है। जहां बच्चों के अनुकुल सामग्रियों का भंडार होगा और उनके लिए ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भी होंगे।
इस मेले में साहित्यिक व सांस्कृतिक गतिविधियां प्रतिदिन हॉल नंबर 6, 8, व 14 में साहित्य पर आधारित संगोष्ठी, कार्यशाला व पुस्तक चर्चाएं और पुस्तक लोकार्पण के कार्यक्रम होंगे। साहित्य कला परिषद, दिल्ली सरकार द्वारा लाल चौक पर नियमित रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इस मेले में सऊदी अरब हांगकांग, मलेशिया, जापान, पाकिस्तान, नेपाल, बंगलादेश, श्रीलंका, जर्मनी, संयुक्त अरब, अमीरात, चीन, तुर्की, दक्षिण कोरिया, स्पेन बेलारूस, फ्रांस, ईरान थाईलैंड, इजरायल और ब्रिटेन जैसे देशों के प्रदर्शकों के अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन यूनेस्को और विश्व बैंक जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी हिस्सा ले रहे हैं।



Recent Comments