नई दिल्ली : प्रख्यात हिन्दी कथाकार काशीनाथ सिंह को उनके उपन्यास ‘रेहन पर रग्घू’ के लिए हिन्दी भाषा के साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2011 के लिए चुना गया है। अकादेमी पुरस्कार 2011 के लिए चुने गए छह अन्य उपन्यासकार हैं: गोपालकृष्ण पै (कन्नड), क्षेत्री बीर (मणिपुरी), कल्पनाकुमारी देवी (ओडि़या), बलदेव सिंह (पंजाबी), अतुल कनक (राजस्थानी) और एस. वेंकटशन (तमिळ)।
अपने काव्य-संग्रहों के लिए पुरस्कृत आठ कवि हैं: (स्व.) कबीन फुकन (असमिया), मनींद्र गुप्त (बाङ्ला), प्रेमानंद मोसाहारि (बोडो), नसीम शफाई (कश्मीरी), मैल्विन रोड्रीगस (कोंकणी), आदित्य कुमार मांडी (संताली), हरेकृष्ण शतपथी (संस्कृत) और खलील मामून (उर्दू)।
ललित मंगोत्रा (डोगरी), ग्रेस (मराठी) और शामला सदाशिव (तेलुगु) को निबंध-संग्रह हेतु पुरस्कृत किया गया।
रामचंद्र गुहा (अंग्रेजी) को विवरणात्मक इतिहास हेतु पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि मोहन परमार (गुजराती) को कहानी-संग्रह, एम.के. सानू (मलयाळम्) को जीवनी और मोहन गेहानी (सिंधी) को नाटक हेतु।
साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष श्री सुनील गंगोपाध्याय की अध्यक्षता में अकादेमी के कार्यकारी मंडल की दिल्ली में सम्पन्न बैठक में 21 दिसम्बर को विभिन्न भाषाओं के निर्णायक मण्डलों द्वारा चुनी गई 22 पुस्तकों को साहित्य अकादेमी पुरस्कार के लिए अनुमोदित किया गया। मैथिली के लिए बाद में पुरस्कार घोषित किया जाएगा। नेपाली भाषा के लिए कोई पुरस्कार नहीं दिया जा रहा।
साहित्य अकादेमी पुरस्कार के रूप में एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपये की राशि दी जाती है। घोषित पुरस्कार 14 फ़रवरी 2012 को नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में रचनाकारों को दिए जाएँगे।
साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2011
भाषा शीर्षक एवं विधा रचनाकार
असमिया एई अनुरागी एई उदास (कविता-संग्रह) (स्व.) कबीन फुकन
बाङ्ला बने आज कनचेर्टो (कविता-संग्रह) मनींद्र गुप्त
बोडो अखाफोरनि दैमा (कविता-संग्रह) प्रेमानन्द मोसाहारि
डोगरी चेतें दियां ग’लियाँ (निबंध) ललित मगोत्रा
अंग्रेज़ी इण्डिया आफ़्टर गांधी (विवरणात्मक इतिहास) रामचंद्र गुहा
गुजराती अंचलो (कहानी-संग्रह) मोहन परमार
हिन्दी रेहन पर रग्घू (उपन्यास) काशीनाथ सिंह
कन्नड स्वप्न सारस्वत (उपन्यास) गोपालकृश्ण पै
कश्मीरी न छ़ाय न अक्स (कविता-संग्रह) नसीम शफाई
कोंकणी प्रकृतिचो पास (कविता-संग्रह) मेल्विन रोड्रीगस
मलयाळम् बशीर: एकान्त वीधियिले अवधूतन (जीवनी) एम.के. सानू
मणिपुरी नंगबु ङगाईबडा (उपन्यास) क्षेत्री बीर
मराठी वार्याने हलते रान (निबंध-संग्रह) ग्रेस (मणिक गोडघाटे)
ओडि़या अचिह्न बासभूमि (उपन्यास) कल्पनाकुमारी देवी
पंजाबी ढावां दिल्ली दे किंगरे… (उपन्यास) बलदेव सिंह
राजस्थानी जून-जातरा (उपन्यास) अतुल कनक
संस्कृत भारतायनम् (महाकाव्य) हरेकृष्ण शतपथी
संताली बंचाओ लरहाई (कविता-संग्रह) आदित्य कुमार मांडी
सिन्धी … ता ख्याबां जो छा तिंडो (नाटक) मोहन गेहानी
तमिळ कवल कोट्टम (उपन्यास) एस. वेंकटेशन
तेलुगु स्वरालयालु (निबंध-संग्रह) शामला सदाशिव
उर्दू आफ़ाक़ की तरफ़ (कविता-संग्रह) खलील मामून
———————————————————————————-
टिप्पणी: 1. नेपाली में कोई पुरस्कार नहीं।
2. मैथिली में पुरस्कार बाद में घोषित किया जाएगा।



sabhi lekhko ko badahai
kashi nath ji Hardik Badhai Prempal Sharma